अजयगढ़ में अनोखी शादी बनी चर्चा का विषय, हेलीकॉप्टर से बारात और दुल्हन की विदाई

Advertisement
अजयगढ़। पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत पिस्टा गांव में आयोजित एक शादी इन दिनों पूरे इलाके और जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। वजह है इस शादी का अनोखा अंदाज़, जहां दूल्हे राजा ने घोड़े या लग्ज़री कार की बजाय हेलीकॉप्टर से बारात ले जाकर सभी को चौंका दिया।
यह ऐतिहासिक विवाह पिस्टा गांव निवासी कांग्रेस नेता मिलन पांडे ने अपने पुत्र नितिन पांडे का कराया। बेटे की शादी को यादगार बनाने के लिए मिलन पांडे ने भारी खर्च कर हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कराई। दूल्हे की बारात हेलीकॉप्टर से गई और विवाह के बाद दुल्हन की विदाई भी हेलीकॉप्टर से कराई गई।
बताया जा रहा है कि पन्ना जिले में यह पहला मौका है, जब किसी गांव से बारात सीधे हेलीकॉप्टर द्वारा गई हो और दुल्हन को भी उसी माध्यम से ससुराल लाया गया हो। इसी वजह से यह शादी क्षेत्र में मिसाल और चर्चा का केंद्र बन गई है।
पांडे परिवार की इस भव्य और अनोखी शादी को देखने के लिए गांव और आसपास के इलाकों से लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हेलीकॉप्टर को देखने और दूल्हा-दुल्हन की एक झलक पाने के लिए लोग हेलीपैड पर जमा हो गए। शादी के इस खास आयोजन ने पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना दिया।
