सतना, सजल रजक। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला से पर्स लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने कोलगवां थाना क्षेत्र में महिलाओं से लूट की एक अन्य वारदात में भी शामिल होना स्वीकार किया है।
पूरे मामले का खुलासा नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) मनीष त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता के दौरान किया। इस दौरान सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीति विश्वकर्मा और कोलगवां थाना प्रभारी निरीक्षक सुदीप सोनी भी मौजूद रहे।
स्कूल से लौट रही महिला का पर्स छीना
पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2026 को आई.पी. नगर पतेरी निवासी कविता सिंह अपनी बेटी को स्कूल छोड़कर घर लौट रही थीं। सुबह करीब 7:25 बजे बालाजी किराना स्टोर, पतेरी के सामने काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने उनका पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 830/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(3) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर गोपाल वंशकार और कुंदन वंशकार को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसी दौरान कोलगवां थाना क्षेत्र में महिलाओं से लूट की एक अन्य घटना का भी खुलासा हुआ।
अस्पताल के बाहर महिला का बैग लूटने का भी आरोप
पुलिस के अनुसार, दूसरी वारदात 9 अक्टूबर को सुबह करीब 8 बजे भरहुत नगर स्थित पिनाका नर्सिंग होम के बाहर हुई थी। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत तौरा निवासी रामलली देवी अपनी बेटी का उपचार कराने अस्पताल पहुंची थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों में से पीछे बैठे आरोपी ने उनकी बहन का बैग छीन लिया। बैग में 95 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड और पैन कार्ड रखे थे। इस मामले में कोलगवां थाने में अपराध क्रमांक 1420/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(4) में प्रकरण दर्ज किया गया था।
दोनों आरोपी न्यायालय में पेश
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल उर्फ राधे वंशकार (20), पिता विश्वनाथ वंशकार, निवासी बसोर बस्ती, नारायण तालाब, उतैली और कुंदन वंशकार (20), पिता रामलाल वंशकार, निवासी बसोर बस्ती, संग्राम कॉलोनी, थाना कोलगवां, जिला सतना के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक अपाचे मोटरसाइकिल और नकदी जब्त की है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।














