छतरपुर, शिवम सोनी। जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां नवरात्रि के प्रथम दिन 23 वर्षीय छात्रा ज्योति पटेल ने गलती से कीटनाशक का घोल पी लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रा नवरात्रि पर्व के अवसर पर नौ दिनों का अखंड व्रत रखने की तैयारी कर रही थी। सुबह स्नान-ध्यान के बाद मंदिर में पूजा-अर्चना संपन्न कर जब वह पूजन का जल पीने के लिए गई, तभी अचानक बिजली गुल हो गई। अंधेरा होने के कारण वह बर्तन की पहचान नहीं कर सकी और पिता द्वारा मच्छर-कीड़े मारने के लिए बनाकर रखे गए कीटनाशक के घोल को गटक गई।


घोल का स्वाद कड़वा और अजीब लगने पर छात्रा ने तत्काल इसकी जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद घर में हड़कंप मच गया। परिजनों को जब हकीकत का पता चला तो वे आनन-फानन में अचेत होती छात्रा को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। छात्रा ने बताया कि सुबह से निर्जला रहने और अंधेरा होने की वजह से यह हादसा हुआ। जहरीला घोल पीने से स्वास्थ्य बिगडऩे के कारण उसका नौ दिवसीय व्रत रखने का संकल्प भी प्रभावित हुआ है, जिस पर उसने गहरा दुख व्यक्त किया है। फिलहाल चिकित्सकों द्वारा छात्रा की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।