टीकमगढ़। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से गरीब एवं पात्र हितग्राहियों को वितरित किए जाने वाले शासकीय गेहूं में कथित हेराफेरी और कालाबाजारी के गंभीर मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने प्राप्त शिकायतों की विस्तृत जांच के उपरांत जिले की 7 शासकीय उचित मूल्य दुकानों के दोषी संचालकों और प्रबंधकों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) की धाराओं के तहत संबंधित थानों में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से राशन माफियाओं और भ्रष्ट सेल्समैनों में हड़कंप मच गया है।
राशन वितरण में लगातार मिल रही अनियमितताओं, स्टॉक में अंतर और गरीबों के हक के अनाज में गड़बड़ी की शिकायतों को कलेक्टर ने गंभीरता से लिया था। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा राजस्व अमले द्वारा कराई गई सघन जांच में दुकानों के भौतिक स्टॉक और वितरण पंजी में बड़े पैमाने पर विसंगतियां पाई गईं। इसके बाद कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने गरीबों के राशन में हेराफेरी को अक्षम्य अपराध मानते हुए संबंधित क्षेत्रीय पुलिस थानों में आपराधिक प्रकरण कायम करने के आदेश दिए हैं।
कार्रवाई की जद में आए संचालकों में छिपरी उचित मूल्य दुकान (जिला थोक उपभोक्ता भंडार टीकमगढ़) के संचालक जितेंद्र अहिरवार, बिजरावन दुकान के संचालक उत्तम अहिरवार तथा बजीतपुर स्थित दुर्गेश नंदिनी ईंधन आपूर्ति सहकारी समिति के संचालक बैजनाथ अहिरवार शामिल हैं। इसके साथ ही बड़ागांव की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति के संचालक ज्योति यादव, सुरजपुर की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बनेरा के संचालक लक्ष्मण लोधी व जगन्नाथ लोधी, भेलसी स्थित रामलला नागरिक सहकारी समिति मर्यादित के संचालक चंद्रप्रकाश सुंडले तथा अजनौर की महिला बहुउद्देशीय सहकारी समिति मझार के संचालक अरविंद सिंह लोधी के विरुद्ध भी नामजद एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार और गरीबों के अधिकारों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने खाद्य विभाग के अधिकारियों को सभी उचित मूल्य दुकानों का नियमित निरीक्षण करने और पात्र परिवारों को निर्धारित मात्रा व तय समय पर राशन उपलब्ध कराने की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।




