छतरपुर, रोहित पाठक। बागेश्वर धाम में आगामी 21 अक्टूबर की रात 9 बजे पूज्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के पावन सानिध्य में 'द्वितीय ऑनलाइन पितृदोष शांति महाहवन' का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य पितरों की आत्मशांति, कुल की रक्षा तथा परिवारों में सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुष्ठान से जोड़ना है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस विशेष हवन में आहुति अर्पित करने से पितृदोष से मुक्ति, व्यापार व कार्यों में आ रही बाधाओं का निवारण और उन्नति प्राप्त होती है। देश-विदेश के जो श्रद्धालु धाम पहुंचने में असमर्थ हैं, वे घर बैठे बागेश्वर धाम के आधिकारिक यूट्यूब और फेसबुक चैनल के जरिए ऑनलाइन माध्यम से इस महायज्ञ में सम्मिलित होकर आहुति दे सकेंगे। वहीं, जो श्रद्धालु प्रत्यक्ष रूप से शामिल होना चाहते हैं, उनके लिए धाम परिसर में उपस्थित होकर सीधे आहुति अर्पित करने की व्यवस्था की गई है। पूर्व में आयोजित ऑनलाइन व ऑफलाइन हवनों की भांति इस बार भी लाखों की संख्या में भक्तों के जुड़ने की संभावना है। यह अनुष्ठान 21 अक्टूबर को रात्रि 9 बजे से विधिवत प्रारंभ होगा।
















