छतरपुर। शहर के नौगांव रोड पर ​स्थित पेप्टेक टाउन में चल रहे नौ दिवसीय भव्य नवरात्र महोत्सव का समापन हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच हुआ। महोत्सव की अंतिम शाम प्रताप नवयुवक संघ के कलाकारों द्वारा दी गई मनमोहक और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। कॉलोनीवासियों की सक्रिय सहभागिता और विभिन्न प्रकार की दैनिक प्रतियोगिताओं ने इस बार के आयोजन को बेहद खास बनाया। कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को उपहार व पुरस्कार वितरित किए गए, साथ ही आमंत्रित कलाकारों और संघ के पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

प्रताप नवयुवक संघ के डायरेक्टर प्रदीप सेन और विक्रम सिंह के कुशल नेतृत्व में लगभग 100 कलाकारों के दल ने अपनी शानदार कला का प्रदर्शन किया। कलाकारों ने पारंपरिक गुजराती गरबा, राजस्थान के प्रसिद्ध घूमर नृत्य और बंगाल की पारंपरिक मां दुर्गा आरती की जीवंत प्रस्तुतियां दीं। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय प्रतिभाओं ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। भक्ति संगीत और लोकनृत्यों के इस अनूठे संगम ने उपस्थित सभी दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। समिति के सदस्य उमेश अग्रोहा ने बताया कि कॉलोनी के परिवारों ने हर गतिविधि में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं स्थानीय निवासी अंजली असाटी ने आयोजन के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि टाउन में यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। यहां नौ दिनों तक प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। इस वर्ष पहली बार आयोजित की गई कपल फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और बालिकाओं की नृत्य प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहीं।


पुरस्कार वितरण और विशाल भंडारे के साथ पूर्णाहुति

उत्सव के अंतिम दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी नन्हे-मुन्ने बच्चों को आकर्षक उपहार और पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रताप नवयुवक संघ के पदाधिकारियों व कलाकारों को समिति द्वारा सम्मानित किया गया। नौ दिनों तक चले इस धार्मिक व सांस्कृतिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति विशाल भंडारे और महाप्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुई, जिसमें पूरी कॉलोनी के परिवारों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।