छतरपुर/सटई, तौफीक अहमद सिद्दीकी। शारदीय नवरात्र के नौ दिवसीय अनुष्ठान के उपरांत दसवें दिन नगर में मां काली की भव्य विसर्जन यात्रा पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ निकाली गई। विसर्जन यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां पूरा क्षेत्र 'जय माता दी' के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस दौरान डीजे और ढोल-नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालु जमकर थिरके; यात्रा में शामिल पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक काली लुंगी व सफेद कुर्ते के परिधान में विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
भ्रमण के दौरान वरिष्ठ नेता पवन सोनी एवं बिट्टू सोनी के आवास के समीप विसर्जन यात्रा का भव्य स्वागत हुआ और श्रद्धालुओं ने मां काली की महाआरती उतारी। इसके उपरांत यात्रा नगर के सुखसागर तालाब पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया गया। भक्तों ने नम आंखों से माता रानी को विदाई देते हुए अगले बरस पुनः पधारने की प्रार्थना की।
यात्रा और विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी दिलीप करण नायक के नेतृत्व में पुलिस बल मुस्तैद रहा। चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसके साथ ही नगर में नवरात्र उत्सव का औपचारिक समापन हो गया।

















