भिंड, अक्षय जोशी। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई एक अपहरण की घटना ने पूरे बाजार और व्यापारिक समुदाय में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। घटना इतनी चौंकाने वाली थी कि बीच बाजार से बदमाशों द्वारा एक किराना व्यापारी को जबरन अपने साथ ले जाने की सूचना फैलते ही शहर में हड़कंप मच गया। व्यापारी को बाजार से अगवा किए जाने की खबर मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई और तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार बदमाशों ने किराना व्यापारी को बाजार के बीचोंबीच से जबरन अपने वाहन में बिठाकर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी और व्यापारी की तलाश में तेजी से आगे बढ़ी। पुलिस की सतर्कता और तेज कार्रवाई के फलस्वरूप अटेर के जंगलों से तीन आरोपियों को स्कॉर्पियो वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के साथ ही अपहृत व्यापारी को सकुशल मुक्त करा लिया गया।
सकुशल वापस लौटे व्यापारी ने सिटी कोतवाली के टीआई मुकेश शाक्य और उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया। पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अपहरण के पीछे की असल वजह तथा पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चर्चाओं को तेज कर दिया है। बाजार में कारोबारी समुदाय इस घटना से स्तब्ध है और पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग कर रहा है।




