नागोया (जापान), 20 अक्टूबर । एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत के निषाद कुमार ने अपना दूसरा गोल्ड मेडल जीता। निषाद ने मंगलवार को नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में पुरुषों की हाई जंप टी47 स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया।

उज्बेकिस्तान के मुहम्मदअब्दुलोह तुर्सुनजोनोव ने 1.94 मीटर (पर्सनल बेस्ट) की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ सिल्वर मेडल जीता। थाईलैंड के चनाबून ने 1.75 मीटर की छलांग लगाकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

निषाद ने फाइनल में 2.04 मीटर की ऊंचाई पार करके एक नया 'गेम्स रिकॉर्ड' बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता। इससे पहले यह रिकॉर्ड थाईलैंड के अंगकर्ण चनाबून के नाम था, जिन्होंने जकार्ता 2018 गेम्स में 2.01 मीटर की ऊंचाई पार की थी।

इसके अलावा, निषाद के नाम 2.14 मीटर का एशियन रिकॉर्ड भी दर्ज है, जो उन्होंने नई दिल्ली में हुई वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के दौरान बनाया था। वहीं, 2.16 मीटर के साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड अमेरिका के रॉड्रिक टाउनसेंड-रॉबर्ट्स के नाम है।

निषाद ने 1.60 मीटर, 1.65 मीटर, 1.70 मीटर, 1.75 मीटर, 1.80 मीटर और 1.85 मीटर की शुरुआती ऊंचाइयों को बिना प्रयास किए पार किया और 1.88 मीटर पर अपना पहला प्रयास किया। इसके बाद उन्होंने 1.91 मीटर को छोड़ दिया और 1.94 मीटर की ऊंचाई को अपने पहले ही प्रयास में आसानी से पार कर लिया।

निषाद ने 1.96 मीटर की ऊंचाई को भी बिना प्रयास किए पार किया। इसके बाद उन्होंने 1.98 मीटर, 2.02 मीटर और 2.04 मीटर की ऊंचाइयों को अपने पहले ही प्रयास में सफलतापूर्वक पार किया और गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले, निषाद ने इन खेलों में पुरुषों की टी47 लॉन्ग जंप स्पर्धा में 7.11 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीता था।

मशहूर भारतीय पैरा एथलीट निषाद कुमार ने टोक्यो और पेरिस पैरालंपिक की हाई जंप टी47 स्पर्धाओं में सिल्वर मेडल जीते हैं। इसके अलावा, उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में गोल्ड मेडल और हांगझोऊ एशियाई पैरा गेम्स 2023 की हाई जंप टी47 स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक हासिल किया है।