मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। जिले के अंबाह से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ मंगलवार शाम घर में घुसकर एक महिला पर जानलेवा हमला किया गया। खजूरी रोड पर रहने वाली 36 वर्षीय बानू तोमर अपने तीन मासूम बच्चों के साथ कमरे के अंदर थीं, जबकि उनकी सास पास के दूसरे कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे एक अज्ञात हमलावर घर में दाखिल हुआ और महिला को गोली मार दी। गोली सीधे बानू के सिर में आंख के पास लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ीं।
बेटी ने बताई आंखों देखी, नीली टी-शर्ट पहने था हमलावर
वारदात की चश्मदीद पीड़िता की बेटी दीपाली ने पुलिस को बताया कि नीली टी-शर्ट पहने एक युवक अचानक घर के अंदर आया। उसने बिना किसी बातचीत के सीधे कमरे में प्रवेश किया और मां पर गोली चला दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया। पड़ोसियों से मिली जानकारी के अनुसार, घर के दरवाजे की कुंडी अंदर से खुली हुई थी, जिससे बेखौफ बदमाश आसानी से घर में घुसा और वारदात के तुरंत बाद दौड़ते हुए बाहर निकलकर भाग गया।
गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर, चेहरे और आंख में आई सूजन
घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बानू को अंबाह सिविल अस्पताल पहुँचाया गया। ड्यूटी डॉक्टर श्रुति जैन ने बताया कि महिला के सिर में आंख के पास गंभीर चोट थी और वह अत्यधिक रक्तस्राव की वजह से बेसुध थीं। उनके चेहरे और आंख में काफी सूजन आ गई थी और ब्लड प्रेशर भी बढ़ा हुआ था। प्राथमिक उपचार के बाद हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें पहले जिला अस्पताल मुरैना और फिर बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा
सूचना मिलते ही अंबाह एसडीओपी प्रशांत भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, जिसमें कुछ संदिग्ध लोग नजर आए हैं। एसडीओपी ने बताया कि पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और एक टीम को ग्वालियर भी भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिसके बाद इस खौफनाक वारदात के पीछे की असली वजह का खुलासा हो सकेगा।











