सतना: शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बीती रात नजीराबाद के रहने वाले फैसल उर्फ अजमल खान अपने दोस्त अदनान के साथ बाइक पर सवार होकर पन्नीलाल चौक की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान डालीबाबा चौक के पास पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने उनकी बाइक को रोक लिया।

पीठ पर घोंपा चाकू, अस्पताल में भर्ती

पीड़ित फैसल और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। रास्ते में रोककर आरोपियों ने गाली-गलौज और विवाद शुरू कर दिया। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपियों में शामिल बेटू मंसूरी, विराट विंध्य और अंबिया ने मिलकर फैसल की पीठ पर चाकू से खतरनाक हमला कर दिया। इस हमले में फैसल बुरी तरह घायल हो गया, जिसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, एक की तलाश जारी

वारदात के बाद सिटी कोतवाली पुलिस हरकत में आई और पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बेटू मंसूरी और विराट विंध्य को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में तीसरा आरोपी अंबिया अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

घटनास्थल पर निकाला गया आरोपियों का जुलूस

गिरफ्तारी के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा का संदेश देने के लिए दोनों गिरफ्तार आरोपियों को घटनास्थल डालीबाबा इलाके में पैदल लेकर पहुंची। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला, जिसे देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चल रहे तीसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।