मुंबई। कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा इन दिनों परिवार के साथ विदेश में छुट्टियां मना रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस ट्रिप की कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं। इनमें पत्नी गिन्नी चतरथ के साथ उनकी सेल्फी और बच्चों के साथ तस्वीरें भी शामिल हैं। इसमें कपिल ने मजाकिया अंदाज में पत्नी गिन्नी का शुक्रिया अदा किया और लिखा कि उन्होंने उनका सफर और भी 'मुश्किल' बना दिया है। हालांकि, तुरंत ही उन्होंने अपनी बात सुधारते हुए इसे और भी खूबसूरत बनाने वाला सफर बताया।
कपिल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर तस्वीरों की एक सीरीज शेयर की। पहली तस्वीर में वह और गिन्नी बाहर खड़े होकर सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। कपिल ने काले रंग का स्वेटर और सनग्लासेस पहने हुए हैं, वहीं गिन्नी भी काले रंग की आउटफिट और सनग्लासेस में दिखाई दे रही हैं। एक दूसरी तस्वीर में कपिल और गिन्नी अपने दोनों बच्चों अनायरा और त्रिशान के साथ एक पुरानी इमारत के बाहर पोज देते नजर आ रहे हैं।
इन तस्वीरों के साथ कपिल ने लिखा, ''साथ अच्छा हो तो सफर और भी खूबसूरत हो जाता है। मेरी जिंदगी के सफर को और मुश्किल बनाने के लिए शुक्रिया... सॉरी, और भी खूबसूरत बनाने के लिए शुक्रिया, माय लव गिन्नी।''
कपिल और गिन्नी, दोनों की मुलाकात कॉलेज के दिनों में हुई थी। उस समय वे थिएटर से भी जुड़े हुए थे। कपिल ने साल 2017 में पहली बार गिन्नी के साथ अपने रिश्ते को पब्लिक किया था। उन्होंने गिन्नी के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था, ''मैं यह नहीं कहूंगा कि वह मेरा बेहतर आधा हिस्सा हैं, बल्कि वह मुझे पूरा करती हैं। गिन्नी, तुमसे प्यार करता हूं।''
इसके बाद 12 दिसंबर 2018 को कपिल और गिन्नी ने पंजाब के जालंधर में पारंपरिक पंजाबी रीति-रिवाजों से शादी की थी। शादी में दोनों के परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे। इसके बाद मुंबई में भी एक रिसेप्शन रखा गया था।
शादी के करीब एक साल बाद दिसंबर 2019 में कपिल और गिन्नी बेटी अनायरा के माता-पिता बने। साल 2021 में उनके घर बेटे त्रिशान का जन्म हुआ।















