पन्ना, अमित सिंह राठौर: मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में वन विभाग की टीम ने एक बार फिर वन्यजीव संरक्षण में मिसाल पेश की है। रिजर्व क्षेत्र में घायल मिले करीब 11 वर्षीय नर बाघ P-243 का सफलतापूर्वक ट्रैंक्युलाइजेशन कर उसकी सर्जरी की गई है। बाघ की दोनों आंखों के बीच एक गहरा घाव था, जिसके कारण संक्रमण फैलने और उसकी आंखों की रोशनी व शिकार करने की क्षमता प्रभावित होने का गंभीर खतरा पैदा हो गया था।
जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को पन्ना टाइगर रिजर्व के अमानगंज बफर क्षेत्र के विस्थापित ग्राम गहदरा के पास यह बाघ घायल अवस्था में देखा गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन्यप्राणी चिकित्सा के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सुबह बाघ को सुरक्षित रूप से ट्रैंक्युलाइज किया गया। पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गुप्ता और उनकी चिकित्सीय टीम ने घाव की सूक्ष्म सर्जरी कर आवश्यक उपचार किया।
ये भी पढ़ें




सफल ऑपरेशन के बाद बाघ को बड़ौर वन्यप्राणी चिकित्सालय में रखकर लगातार निगरानी में रखा गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह बाघ पन्ना टाइगर रिजर्व की संस्थापक बाघिनों में शामिल ऐतिहासिक बाघिन T-2 की संतान है। वर्ष 2009 में कान्हा टाइगर रिजर्व से पन्ना लाई गई बाघिन T-2 और उसकी संतानों ने पन्ना में बाघों की आबादी को दोबारा बसाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। वर्तमान में चिकित्सीय दल की देखरेख में बाघ की सेहत में सुधार हो रहा है।












