लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, आधुनिक, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। प्रदेश सरकार अब चिकित्सा संस्थानों के बीच डिजिटल समन्वय स्थापित कर मरीजों को उनकी बीमारी और उपचार की आवश्यकता के अनुरूप सही अस्पताल तक पहुंचाने की व्यवस्था विकसित कर रही है। इसी क्रम में चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा विकसित e-SARTHI (डिजिटल रोगी रेफरल प्रणाली) का पायलट प्रोजेक्ट 16 नवंबर 2026 से उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (UPUMS), सैफई को हब बनाकर शुरू किया जाएगा। इस व्यवस्था के माध्यम से मरीजों को अस्पतालों में उपलब्ध बेड, विशेषज्ञ चिकित्सकों और उपचार संबंधी सुविधाओं की वास्तविक स्थिति के आधार पर उपयुक्त चिकित्सा संस्थान में रेफर किया जा सकेगा। इससे मरीजों को अस्पतालों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और प्रदेश में उपलब्ध सरकारी चिकित्सा संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा।


योगी सरकार का प्रयास है कि मरीज को केवल रेफरल पर्ची देकर दूसरे अस्पताल भेजने के बजाय वहां उपचार की उपलब्धता सुनिश्चित करने के बाद ही स्थानांतरित किया जाए। e-SARTHI इसी सोच को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से रेफरल प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के साथ ही चिकित्सा संस्थानों के बीच सूचना के आदान-प्रदान और समन्वय को भी मजबूत किया जाएगा।


बेड की उपलब्धता के आधार पर होगा मरीजों का रेफरल

e-SARTHI व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि मरीज को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल रेफर करने से पहले वहां उपलब्ध बेड और संबंधित चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। किस अस्पताल में कौन-सी श्रेणी के बेड उपलब्ध हैं और कहां बेड की उपलब्धता नहीं है, इसकी जानकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से मिलेगी। इसके लिए संबंधित अस्पतालों में उपलब्ध बेड और सेवाओं की स्थिति नियमित रूप से अपडेट की जाएगी। संस्थान के प्रत्येक संबंधित विभाग को बेड और सेवाओं की उपलब्धता की जानकारी प्रत्येक दो घंटे में अपडेट करनी होगी। इससे मरीज को ऐसे चिकित्सा संस्थान में रेफर करने में मदद मिलेगी, जहां उसके उपचार के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हों। अस्पताल पहुंचने के बाद बेड नहीं मिलने या दूसरे संस्थान में जाने की परेशानी से भी बचा जा सकेगा।


लखनऊ के बड़े अस्पतालों पर कम होगा मरीजों का दबाव

इस पहल का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य लखनऊ के प्रमुख सरकारी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों पर मरीजों के अत्यधिक दबाव को कम करना है। वर्तमान में आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में मरीज बेहतर उपचार की उम्मीद में लखनऊ पहुंचते हैं। इससे बड़े अस्पतालों पर कार्यभार बढ़ता है और मरीजों को कई बार उपचार के लिए इंतजार करना पड़ता है।e-SARTHI के माध्यम से मरीजों को उनकी बीमारी और उपचार की जरूरत के अनुसार आसपास के उन सरकारी अस्पतालों एवं मेडिकल कॉलेजों में रेफर किया जा सकेगा, जहां संबंधित उपचार की सुविधा उपलब्ध है। इससे लखनऊ के बड़े अस्पतालों पर अनावश्यक दबाव कम होगा और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की ओर से विकसित किए गए नए चिकित्सा संस्थानों की सुविधाओं का भी बेहतर उपयोग हो सकेगा।


पहले चरण में 11 चिकित्सा संस्थानों को जोड़ा जाएगा

e-SARTHI का पहला चरण हब-एंड-स्पोक मॉडल पर संचालित होगा। इसके अंतर्गत उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (UPUMS), सैफई को रेफरल हब बनाया गया है। इसके साथ तीन स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों और आठ जिला एवं संयुक्त चिकित्सालयों को स्पोक संस्थानों के रूप में जोड़ा जाएगा। पहले चरण में राजकीय मेडिकल कॉलेज कन्नौज, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय औरैया तथा फिरोजाबाद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त इटावा के जिला महिला चिकित्सालय एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर संयुक्त चिकित्सालय, औरैया जिला संयुक्त चिकित्सालय, कन्नौज के छिबरामऊ एवं जिला संयुक्त चिकित्सालय, मैन…