नई दिल्ली। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने सोनिया गांधी पर निशिकांत दुबे की टिप्पणी, सोने की कीमतों पर पीएम मोदी की टिप्पणी, सीटीआई के पीएम को धन्यवाद पत्र, उत्तर प्रदेश में वोटर बाहर होने के दावे, समाजवादी पार्टी की सीट-शेयरिंग कमेटी और इजरायल पर राहुल गांधी की टिप्पणी समेत कई मुद्दों पर बात की।

सोनिया गांधी के खिलाफ भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के आरोपों पर प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, "देखिए, जब भी कोई अपनी आत्मकथा लिखता है तो वह अपने जीवन के सभी पहलुओं को उसमें शामिल करता है, चाहे वे पहले सामने आए हों या नहीं। एक तरह से आत्मकथा किसी व्यक्ति के जीवन के बारे में ईमानदारी से जानकारी देती है, लेकिन सोनिया गांधी की किताब में कई विषयों को बिल्कुल भी नहीं छुआ गया है, चाहे वह इमरजेंसी का दौर हो या वे अन्य बातें जिनका जिक्र निशिकांत दुबे ने किया है। मुझे लगता है कि यह आत्मकथा नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ लेने के लिए बनाई गई पुस्तक है, जिसमें विवरणों के अलावा और कुछ भी नहीं है।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर उन्होंने कहा, "जब भी प्रधानमंत्री कोई बयान देते हैं या कोई अपील करते हैं, तो उनका मकसद जनभागीदारी सुनिश्चित करना होता है, ताकि इसके फायदे जमीनी स्तर तक पहुंचे और आम जनता को भी लाभ मिले। कुछ महीने पहले उन्होंने लोगों से अपील की थी कि जब तक बहुत जरूरी न हो, तब तक सोना न खरीदें, क्योंकि उस समय वैश्विक हालात कुछ ऐसे ही थे। आंकड़े इस बात के गवाह हैं कि पीएम मोदी की अपील के बाद 40 प्रतिशत सोना कम आयात हुआ। ये इस बात का सबूत है कि लोगों ने पीएम मोदी की अपील को माथे पर रखा है। इससे पता लगता है कि पीएम मोदी के प्रति लोगों के मन में आस्था है।"

उत्तर प्रदेश में वोटर बाहर होने के दावे पर खंडेलवाल ने कहा, "चुनाव आयोग ने एक बात बहुत स्पष्ट की है कि जिन लोगों की भी पात्रता वोटर बनने की है, एक भी वोट छूटे नहीं, जिसके लिए चुनाव आयोग लगातार कोशिश कर रहा है। बीएलओ घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। लेकिन अब कोई व्यक्ति अपना वोट ही नहीं बनवाना चाहता तो क्या किया जा सकता है। आयोग की तरफ से जितने भी संभव प्रयास किए जा सकते थे, उतने संभव प्रयास किए गए।"

समाजवादी पार्टी की सीट-शेयरिंग कमेटी और विपक्षी गठबंधन पर उन्होंने कहा, "सभी विपक्ष दल एक जैसे हैं। उनमें राजनीतिक अवसरवादिता सबसे ज्यादा है, गठबंधन नाम की कोई चीज नहीं है। वे लालच भरी निगाहों से एक-दूसरे से बातचीत करते हैं कि उन्हें ज्यादा सीट मिल जाएं। आज कांग्रेस पूरे देश में हाशिए पर है। उनकी हालत यह हो गई है कि किसी भी राज्य में चुनाव के लिए पार्टी स्वतंत्र नहीं लड़ सकती। उन्हें स्थानीय दलों का सहारा लेना पड़ता है। जैसे यूपी में सपा का, लेकिन यूपी में भाजपा की सरकार बनना तय है।"

इजरायल पर राहुल गांधी की टिप्पणी पर भी उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता विदेश नीति जैसे गंभीर विषयों पर भी सिर्फ राजनीति करते हैं।