नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन के साथ रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा के लिए पहली संवाद बैठक की सह-अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत और नीदरलैंड के बीच साझेदारी, जो पहले मुख्य रूप से जल प्रबंधन, कृषि और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों तक सीमित थी, अब तकनीक, सेमीकंडक्टर, रक्षा और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे नए क्षेत्रों तक फैल गई है।
नई दिल्ली में नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए जयशंकर ने कहा, "आपका और आपके प्रतिनिधिमंडल का भारत में स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है। मेरे सहयोगियों ने मुझे याद दिलाया कि इस साल यह हमारी छठी मुलाकात है, जिसे मैं दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों का अच्छा संकेत मानता हूं।"
प्रधानमंत्री मोदी की नीदरलैंड यात्रा का जिक्र करते हुए जयशंकर ने कहा कि यह बैठक उस यात्रा के बाद हुई प्रगति की समीक्षा करने और आगे की दिशा तय करने का अच्छा मौका है।
उन्होंने कहा, "हमने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया है। इसके लिए बनाई गई रूपरेखा हमें आगे बढ़ने का रास्ता दिखाती है। शुरुआत में हमारी साझेदारी मुख्य रूप से जल प्रबंधन पर केंद्रित थी, लेकिन अब यह कई नए क्षेत्रों तक पहुंच चुकी है। इनमें तकनीक, सेमीकंडक्टर, रक्षा और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्र शामिल हैं।"
जयशंकर ने कहा कि अगले साल भारत और नीदरलैंड के बीच राजनयिक संबंधों के 80 साल पूरे होंगे। उन्होंने भारतीय समुदाय की देखभाल और सहयोग के लिए नीदरलैंड का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी समुदाय और हिंदुस्तानी-सूरीनामी समुदाय दोनों देशों के बीच एक अहम कड़ी हैं।
व्यापक अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य का जिक्र करते हुए जयशंकर ने कहा कि पिछले दो वर्षों में भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के संबंधों में भी काफी प्रगति हुई है। मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) इस सहयोग का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है, साथ ही सुरक्षा और रक्षा साझेदारी भी अहम है। भारत जल्द से जल्द एफटीए को लागू होते देखना चाहता है।
विदेश मंत्री ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच यूक्रेन संघर्ष, काला सागर (ब्लैक सी) की स्थिति, खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्ष और उसके प्रभावों पर भी चर्चा हुई। हमारे सामने कई साझा चुनौतियां हैं। आतंकवाद एक बड़ी चुनौती है और जलवायु परिवर्तन दूसरी। इन मुद्दों पर साथ मिलकर काम करना बेहद जरूरी है।
टॉम बेरेंडसन रविवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। इस दौरान वह सोमवार को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात करेंगे।
















