छतरपुर, संदीप यादव। छतरपुर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब करीब 11:00 बजे गुरैया रोड स्थित रेलवे ट्रैक के समीप एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। स्थानीय राहगीरों द्वारा ट्रैक के पास शव देखे जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) अरुण कुमार सोनी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।


मृतक की शिनाख्त कमलेश साहू (उम्र 50 वर्ष), निवासी चौबे कॉलोनी, थाना सिविल लाइन (छतरपुर) के रूप में की गई है। प्राथमिक जांच के दौरान मृतक के चेहरे पर खरोंच और चोट के कुछ निशान पाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि शव खुले में पड़े रहने के कारण आवारा जानवरों अथवा जंगली जंतुओं द्वारा ये खरोंचें लगाई गई हो सकती हैं। हालांकि, मृत्यु का वास्तविक कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है।


दो साल से मानसिक रूप से थे अस्वस्थ, बिना बताए निकल जाते थे घर से

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, कमलेश साहू पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज भी चल रहा था। मानसिक संतुलन ठीक न होने के कारण वे अक्सर परिजनों को बिना बताए अचानक घर से निकल जाते थे और काफी तलाश के बाद मिलते थे। रविवार सुबह रेलवे ट्रैक के समीप उनका शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया।


पीएम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह: सीएसपी अरुण कुमार सोनी

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है। घटनास्थल की तकनीकी जांच कराई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मृतक के चेहरे पर जानवरों द्वारा खरोंचे जाने जैसे निशान दिख रहे हैं, लेकिन मौत की वास्तविक वजह, समय और परिस्थितियों का सटीक खुलासा विस्तृत पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।