भदोही। भदोही जिले के सुंदरबन में स्थित राम जानकी मंदिर ट्रस्ट में शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर एक बेहद अनोखा और अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु एक ही स्थान पर सभी के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त कर सकें इसके लिए मंदिर परिसर में करीब 450 से 550 देवी-देवताओं की प्रतिमाएं एक साथ स्थापित की गई हैं।पूरे नौ दिनों तक मां भगवती और नवदुर्गा के स्वरूपों की विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं के लिए हर दिन एक खास आयोजन रखा गया है। इसमें पारंपरिक कोलाट्टम नृत्य, हांडी फोड़, मेहंदी रचाने, चूड़ियां पहनाने और गौरी पूजा जैसे 9 दिन 9 अनोखे कार्यक्रम शामिल हैं।

मंदिर प्रबंधन ने सभी देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए मां भगवती के दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए सुंदरबन मंदिर आने का न्योता दिया है। महंत साध्वी राजलक्ष्मी ने आईएएनएस से बतचीत करते हुए कहा, "देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं। मां भगवती सभी की मनोकामना को पूर्ण करें। नवरात्रि के पावन पर सुंदरबन मंदिर में तैयारियां की जा रही हैं। हम अनोखे तरीके से तैयारी कर रहे हैं।"

महंत साध्वी राजलक्ष्मी ने आगे कहा, "450-500 देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को एक ही जगह विराजमान करके 9 दिन पूजन किया जाएगा। नौ दिन देवी के स्वरुपों की पूजा की जाएगी। हर दिन महिलाओं के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिन भक्तों के सभी देवी-देवताओं के एक ही जगह दर्शन करना है और मां भगवती की आशीर्वाद प्राप्त करना है, वे सभी सुंदरबन आएं और सभी के दर्शन कर भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करें।