टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। शहर के कटरा बाजार में नवदुर्गा समिति के सदस्यों के साथ कथित अभद्रता का मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। टीकमगढ़ कोतवाली में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर (SI) राजवीर यादव को तत्काल प्रभाव से कोतवाली से पृथक कर दिया गया है। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद समिति के पदाधिकारियों और धर्मप्रेमी नागरिकों में नाराजगी देखी गई। कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने एसपी कार्यालय के बाहर सड़क पर धरना-प्रदर्शन किया।

वायरल वीडियो के बाद सड़क पर उतरे लोग

जानकारी के अनुसार, कटरा बाजार नवदुर्गा समिति के सदस्यों ने SI राजवीर यादव पर पिछले दो दिनों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का यह भी आरोप था कि गणेश विसर्जन के दौरान भी समिति के सदस्यों के साथ इसी तरह का व्यवहार किया गया था। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

एसपी कार्यालय के बाहर धरना, कार्रवाई के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

मामले से नाराज नवदुर्गा समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक एसपी कार्यालय पहुंचे। लोगों ने संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कार्यालय के बाहर सड़क पर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान मामले को लेकर नाराजगी जताई गई और उचित कार्रवाई की मांग उठाई गई।

ASP ने की कार्रवाई की पुष्टि

मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) विक्रम सिंह स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SI राजवीर यादव को तत्काल प्रभाव से कोतवाली टीकमगढ़ से पृथक कर दिया गया है। मामले में विभागीय जांच की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रशासन की समझाइश पर प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया।

फिलहाल मामले में विभागीय जांच जारी है। जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।