छतरपुर, सौरभ शुक्ला। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से महाराजपुर नगर पालिका ने कुषमा स्थित मुक्तिधाम में वृक्षारोपण किया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी शैलेंद्र चौहान ने स्वयं अपने हाथों से पौधे लगाए और स्टाफ को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया। मुक्तिधाम में विभिन्न प्रजातियों के अनेक पौधे लगाए गए जिसकी देखभाल करने के लिए भी सीएमओ ने स्टाफ को निर्देशित किया। आजकल बढ़ते प्रदूषण, गर्मी और पर्यावरण असंतुलन को देखते हुए, शासन के निर्देश पर सरकारी विभागों में भी वृक्षारोपण को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य हरित क्षेत्र बढ़ाना, ऑक्सीजन का स्तर बेहतर करना और आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ पर्यावरण प्रदान करना है। मुहिम के तहत नगर पालिका के राजस्व निरीक्षक अशोक साहू, संदीप शर्मा, धमेंद्र रैकवार, देवेंद्र प्रजापति, सुनील चौरसिया, जित्तू चौरसिया सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी इस कार्य में बढ़-चढकऱ भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में सीएमओ ने नागरिकों से अपील की कि वे भी अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और उनकी देखभाल करें।