भोपाल, जीतेन्द्र यादव। भोपाल कलेक्टर कार्यालय में आयोजित दिशा समिति की बैठक उस समय विवादों में घिर गई, जब मास्टर प्लान को लेकर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील की जनपद अध्यक्ष प्रमोद राजपूत से तीखी बहस हो गई। बैठक के दौरान माहौल इतना गर्म हो गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक हुई।


बताया जा रहा है कि बहस के दौरान जनपद अध्यक्ष प्रमोद राजपूत ने कांग्रेस विधायकों से "औकात में रहो" जैसी टिप्पणी की। इतना ही नहीं, उन्होंने कथित तौर पर यह भी कहा कि "बदमाशी भी कर लूंगा, राजपूत हूं, निपट लूंगा।" इस बयान के बाद बैठक का माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।


विवाद बढ़ने पर कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील बैठक बीच में ही छोड़कर बाहर निकल गए। बैठक से बाहर आने के बाद विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह की बदतमीजी और बेइज्जती किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक में विधायकों के विशेषाधिकार का हनन हुआ है।


आरिफ मसूद ने कहा कि पूरे मामले की शिकायत विधानसभा अध्यक्ष से की जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी। घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में इस विवाद को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।