छतरपुर, शिवम सोनी। उज्जैन निवासी छंदा राय ने अपने ससुर की संपत्ति से जुड़े कथित फर्जी वसीयतनामे की जांच कर दोषियों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज किए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी दस्तावेज के जरिए संपत्ति पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया गया है, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।


आवेदन के अनुसार, उनके ससुर स्वर्गीय कृष्णप्रसाद विश्वास ने 6 सितंबर 2012 को एक पंजीकृत वसीयतनामा उनके पति स्वर्गीय जीतू विश्वास के पक्ष में कराया था। इस वसीयतनामे में चल-अचल संपत्ति, कृषि भूमि और मकान का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। महिला का कहना है कि यह विधिवत पंजीकृत और वैध दस्तावेज है।


छंदा राय का आरोप है कि इससे पहले 18 जुलाई 2012 की तिथि का एक अन्य वसीयतनामा कृष्णप्रसाद विश्वास की पुत्रियों द्वारा तैयार कराया गया, जो पूरी तरह फर्जी है। उनके मुताबिक इसी कथित फर्जी वसीयतनामे के आधार पर संपत्ति पर दावा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनके वैधानिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।


प्रार्थी ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि 18 जुलाई 2012 के कथित वसीयतनामे की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए। यदि जांच में दस्तावेज फर्जी पाया जाता है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।