गुनौर, जीतेन्द्र रजक । पन्ना जिले के छोटे से गांव निवाहरी (लंगड़ टोला) के 24 वर्षीय मनीष ने मध्यप्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। मनीष ने परीक्षा में सामान्य वर्ग में दूसरी तथा ओबीसी वर्ग में प्रथम रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है।


सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ की गई तैयारी ने मनीष को यह मुकाम दिलाया। उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे गांव के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि मनीष की उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।


परिजनों के अनुसार मनीष शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर थे और उनका सपना पुलिस अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना था। उन्होंने अपने लक्ष्य को पाने के लिए लगातार मेहनत की और आज उसका परिणाम पूरे प्रदेश के सामने है।


मनीष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया। उनका कहना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और पूरी ईमानदारी व लगन के साथ मेहनत की जाए तो किसी भी परिस्थिति में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीणों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।