दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए जारी नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन गुरुवार को राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गईं। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव ने अपने भाई केशव यादव के साथ कलेक्ट्रेट स्थित तहसील कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस नामांकन के साथ ही दतिया उपचुनाव के रण में पहला औपचारिक पर्चा दाखिल हो गया है। चुनाव मैदान में उतरे दामोदर सिंह यादव इस बार 'केतली' चुनाव चिन्ह पर अपनी किस्मत आजमाएंगे।


पुलिस छावनी में तब्दील रहा कलेक्ट्रेट परिसर, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन बेहद मुस्तैद नजर आया। पूरा कलेक्ट्रेट परिसर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस छावनी में तब्दील रहा। निर्वाचन आयोग के कड़े निर्देशों का पालन करते हुए केवल अधिकृत व्यक्तियों और उम्मीदवारों को ही कार्यालय के भीतर प्रवेश की अनुमति दी गई। वहीं, प्रत्याशी के साथ आए समर्थकों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मुख्य द्वार पर ही रोक दिया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे ताकि आदर्श आचार संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित हो सके।


आज नरोत्तम मिश्रा के नामांकन की संभावना, प्रशासन ने तेज की तैयारियां

दामोदर यादव के नामांकन के बाद अब समूचे जिले की राजनीतिक नजरें शुक्रवार (आज) पर टिक गई हैं। सूत्रों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा द्वारा आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किए जाने की प्रबल संभावना है। कयास लगाए जा रहे हैं कि नरोत्तम मिश्रा के नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक और कार्यकर्ता दतिया पहुंच सकते हैं, जिससे शहर में एक बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन देखने को मिल सकता है।


प्रत्याशियों की अधिकृत घोषणा का अभी भी इंतजार

संभावित शक्ति प्रदर्शन और समर्थकों की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास सुरक्षा एवं यातायात (ट्रैफिक) व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां रात से ही तेज कर दी हैं। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि खबर लिखे जाने तक भाजपा और कांग्रेस जैसी मुख्य पार्टियों ने अभी तक आधिकारिक तौर पर अपने प्रत्याशियों के नामों का औपचारिक एलान नहीं किया है, लेकिन इसके बावजूद चुनावी मैदान में उतरने वाले दिग्गजों की तैयारियां चरम पर हैं।