छतरपुर, पंकज यादव। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) छतरपुर द्वारा व्यापारियों एवं उनके प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों तथा घरों में निवासरत किरायेदारों के पुलिस सत्यापन को लेकर जागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया है। इस संबंध में पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री गोविंददास असाटी के कार्यालय में आयोजित बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई।


कैट के जिलाध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि जिलेभर के व्यापारियों को पुलिस सत्यापन के महत्व से अवगत कराने के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। कैट के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर व्यापारियों से संपर्क कर रहे हैं और कर्मचारियों व किरायेदारों के पुलिस सत्यापन के लिए आवश्यक सत्यापन प्रपत्र भी वितरित कर रहे हैं।


बैठक में कहा गया कि प्रत्येक व्यापारी अपनी दुकान में कार्यरत कर्मचारियों और घरों में रहने वाले किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। इससे सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी, संभावित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में सहायता मिलेगी तथा व्यापारी वर्ग भी स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस करेगा।


कैट पदाधिकारियों ने सभी व्यापारियों से जनहित एवं सुरक्षा से जुड़े इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि वे पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराएं और अन्य व्यापारियों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

बैठक में कैट के पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री गोविंददास असाटी, जिला अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, राजीव रूसिया, प्रकाशचंद्र जैन सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।