ग्वालियर। ग्वालियर की एससी-एसटी विशेष अदालत ने पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें फरार घोषित कर दिया है। अदालत ने आरोपी के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया है। यह कार्रवाई आरोपी के लगातार न्यायालय में पेश नहीं होने और पुलिस द्वारा वारंट तामील नहीं करा पाने के बाद की गई।
मामला ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र का है, जहां दिनेश लोधी के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज है। इस मामले में अदालत ने 28 दिसंबर 2023 को पहली बार गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी और वह लगातार न्यायालय की सुनवाई से अनुपस्थित रहा।
लगातार गैरहाजिरी और पुलिस की ओर से गिरफ्तारी में असफल रहने पर एससी-एसटी विशेष अदालत ने आरोपी को विधिवत फरार घोषित कर दिया। साथ ही अदालत ने केस डायरी में लाल स्याही से स्पष्ट रूप से "आरोपी फरार है" अंकित करने के निर्देश भी दिए हैं।
अदालत के इस आदेश के बाद अब पुलिस के लिए दिनेश लोधी को हर हाल में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करना अनिवार्य होगा। मामले में अदालत के सख्त रुख को न्यायिक प्रक्रिया के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




