उज्जैन, अशोक दायमा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार शाम उज्जैन प्रवास के दौरान अपना अलग अंदाज दिखाया। वे बुलेट बाइक पर सवार होकर अपनी दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण पर निकले और रास्ते में लोगों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और शहर में चल रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री फ्रीगंज स्थित निर्माणाधीन ब्रिज पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने इंजीनियरों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली, मजदूरों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा उनके साथ फोटो भी खिंचवाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता और समय-सीमा के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री बुलेट बाइक से आगर रोड स्थित कोयला फाटक चौराहे पहुंचे। यहां से उन्होंने सिंहस्थ की तैयारियों के तहत चौड़ीकरण के बाद बने कोयला फाटक-कंठाल मार्ग का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शहर में चल रहे विकास कार्यों को लेकर फीडबैक भी लिया।
कंठाल चौराहे पर मुख्यमंत्री का सहज और आत्मीय अंदाज देखने को मिला। उन्होंने स्थानीय दुकान पर चाय पी और स्वयं जलेबी भी बनाई। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह वही इलाका है, जहां उनका बचपन बीता है। इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों ने उनका आत्मीय स्वागत किया और पुराने दिनों की यादें भी साझा कीं। मुख्यमंत्री का यह जनसंपर्क और विकास कार्यों का निरीक्षण लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।




