मुंबई। प्रिंस ऑफ वेल्स (प्रिंस विलियम) के मुंबई स्थित धर्मा प्रोडक्शंस स्टूडियो के दौरे के बाद अभिनेता सैफ अली खान ने मीडिया के साथ बातचीत की। उन्होंने इसे भारत और ब्रिटेन (यूके) के बीच सांस्कृतिक सहयोग और फिल्म उद्योगों के साथ मिलकर काम करने से जुड़ा एक नया अवसर बताया।
अभिनेता ने प्रिंस ऑफ वेल्स के साथ हुई बातचीत के बारे में बताते हुए कहा, "यह बैठक यूके और भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के साथ काम करने और सांस्कृतिक सहयोग पर केंद्रित थी। लंबे समय से यूके बॉलीवुड की शूटिंग के लिए एक पसंदीदा जगह रहा है। पहले तो हम लोग बहुत सी फिल्में यूके में शूट करते थे और अब हम आगे भी देखेंगे कि कैसे साथ में काम करेंगे। शायद यशराज ने हाल ही में कोई प्रोजेक्ट साइन किया है।"
उन्होंने बताया कि इस दौरान उनके पिता टाइगर पटौदी के इंग्लैंड और भारत में क्रिकेट खेलने को लेकर भी चर्चा हुई। जब मीडिया ने उनसे पूछा कि क्या बातचीत में उनके पटौदी शाही परिवार का जिक्र हुआ, तो सैफ ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इस बारे में बात जरूर हुई थी लेकिन मैंने तुरंत कहा कि भारत में अब कोई शाही व्यवस्था (रॉयल सिस्टम) नहीं है।"
बता दें कि यह दौरा प्रिंस ऑफ वेल्स (प्रिंस विलियम) की तीन दिवसीय भारत यात्रा के अंतिम चरण का हिस्सा था, जो मुख्य रूप से छठे वार्षिक 'अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स' के लिए आयोजित किया गया था। स्टूडियो पहुंचने पर प्रिंस विलियम का स्वागत फिल्म निर्माता करण जौहर, अभिनेता सैफ अली खान और करीना कपूर खान ने किया।
इस अवसर पर ऑक्टोपस एंटरटेनमेंट के कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुति दी। उन्होंने करण जौहर की प्रसिद्ध फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' (जो अपने 25 साल पूरे करने जा रही है) के लोकप्रिय गानों जैसे 'बोले चूड़ियां' और 'शावा शावा' पर डांस भी किया।

















