सागर/बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। मध्य प्रदेश के सागर जिले अंतर्गत बीना शहर के पाठक वार्ड में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घर में अकेली 55 वर्षीय महिला को दो अज्ञात बदमाशों ने चाकू दिखाकर बंधक बनाया और जान से मारने की धमकी देकर नकदी व चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। पॉश और घनी बस्ती में दोपहर के वक्त हुई इस दुस्साहसिक वारदात से समूचे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। सूचना मिलते ही बीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फरियादिया की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता अनीता सेन (उम्र 55 वर्ष) के अनुसार, घटना के समय वह अपने घर पर बिल्कुल अकेली थीं और परिवार के अन्य सदस्य काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक अचानक घर के भीतर घुस आए। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती या शोर मचा पाती, बदमाशों ने उन पर चाकू अड़ा दिया और चीखने-चिल्लाने पर जान से खत्म करने की धमकी देकर उन्हें पूरी तरह आतंकित कर दिया। खौफजदा महिला को एक कोने में खामोश रखने के बाद बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी ली। आरोपियों ने कमरे में रखी एक गुल्लक को तोड़ डाला, जिसमें पीड़ित परिवार द्वारा जमा किए गए लगभग 12 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। इसके साथ ही बदमाशों ने अलमारी के ताले और लॉकर को खंगालकर उसमें रखी चांदी की पायल और बिछिया भी समेट ली। नकदी व जेवरात समेटने के बाद दोनों बदमाश किसी भी राहगीर की नजरों से बचते हुए तुरंत मौके से भाग निकले।


पति को दी सूचना, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

वारदात के बाद बदहवास हालत में महिला ने तुरंत अपने पति राकेश सेन को फोन कर आपबीती सुनाई। राकेश सेन के घर पहुंचने के बाद तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। बीना थाना प्रभारी अनूप यादव पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के आने और जाने के रास्तों की पहचान करने के लिए वार्ड व आसपास की प्रमुख सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।