छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सुलेरन पुरवा में रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि यह करीब एक सप्ताह पुराना है। कई दिनों तक पड़े रहने के कारण शव पूरी तरह काला पड़ चुका था और उसमें कीड़े लग चुके थे।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर मृतक की पहचान कराने और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
















