भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी के आईएसबीटी (ISBT) स्थित सभागार में भोपाल नगर निगम परिषद की बैठक आज औपचारिक रूप से शुरू हुई। बैठक के प्रारंभ होते ही विपक्षी पार्षदों ने कार्यदिवस को लेकर सवाल खड़े करते हुए जोरदार आपत्ति दर्ज कराई, जिससे सदन में हंगामे की स्थिति बन गई।
निगम में नेता प्रतिपक्ष सबिस्ता जकी ने बैठक के आयोजन दिवस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सवाल उठाया कि जब शनिवार को नगर निगम कार्यालयों का नियमित अवकाश रहता है, तो ऐसी स्थिति में परिषद की बैठक किस नियम के तहत बुलाई गई?
विपक्ष के इस आरोप पर निगम अध्यक्ष ने तत्काल स्थिति स्पष्ट करते हुए जवाब दिया कि शासन नियमानुसार केवल रविवार ही घोषित पूर्ण अवकाश का दिन होता है। इसके अतिरिक्त नियमों के तहत किसी भी अन्य दिन आवश्यकतानुसार परिषद की बैठक आहूत की जा सकती है। अध्यक्ष के स्पष्टीकरण के बाद सदन की कार्यवाही आगे की कार्यसूची पर प्रारंभ की गई।















