सतना, सजल कुमार रजक। मध्यप्रदेश के सतना जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शहर के थाना सिविल लाइन अंतर्गत मंदाकिनी विहार कॉलोनी में अचानक लाइसेंसी बंदूक से गोली चल जाने से सहायक आबकारी अधिकारी की पत्नी दीपमाला सिंह (50 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं। गोली सीधे महिला के पेट में लगी, जिससे घर में हड़कंप मच गया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद जबलपुर रेफर
गोली लगने के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में घायल दीपमाला सिंह को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन पेट में गंभीर चोट और महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया है।
शस्त्र पूजा और सफाई के दौरान हुआ हादसा: पुलिस
घटना की वजहों को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आई हैं। प्रारंभिक सूचना के अनुसार शस्त्र पूजा के बाद बंदूक को वापस रखते समय यह हादसा हुआ। वहीं सीएसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि घर में रखी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक की सफाई की जा रही थी, उसी दौरान अचानक फायर हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस की टीम ने मौके का मुआयना किया और घर में मौजूद सदस्यों व किराएदारों से पूछताछ की। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और बंदूक में सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा गया था या नहीं।













