मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। सिविल लाइन थाने में पदस्थ कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश तिवारी बुधवार शाम नेशनल हाईवे-44 पर नियमित चेकिंग ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान मुरैना की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित लोडिंग वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और कुचलते हुए निकल गया।
बाइक सवार को रोकने के दौरान हुआ हादसा
थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस टीम दबिश देकर वापस लौटी थी और हाईवे पर चेकिंग कर रही थी। कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश तिवारी सड़क पर एक बाइक सवार को रुकने का इशारा कर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडिंग वाहन (UP 80 HP 5447) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद साथी पुलिसकर्मी घायल जवान को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया, लेकिन ग्वालियर पहुंचने से पहले ही रास्ते में सिपाही ने दम तोड़ दिया।
12 किलोमीटर पीछा कर नूराबाद के पास पकड़ा गया आरोपी चालक
वारदात के बाद आरोपी चालक सब्जी से भरा लोडिंग वाहन लेकर फरार हो गया था। पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए आरोपी का पीछा शुरू किया और करीब 12 किलोमीटर दूर नूराबाद के पास घेराबंदी कर उसे वाहन समेत दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।














