भोपाल, जीतेन्द्र यादव। प्रदेश के सहकारिता एवं खेल मंत्री विश्वास सारंग ने पूज्य संत रविशंकर जी महाराज (रावतपुरा सरकार) के साथ छोला स्थित सुप्रसिद्ध श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया तथा प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की। इस दौरान मंत्री सारंग और रावतपुरा सरकार ने मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों और समीपस्थ छोला दशहरा मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उल्लेखनीय है कि 'विरासत भी और विकास भी' के विजन के साथ श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर परिसर में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से भव्य कॉरिडोर का निर्माण कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने बताया कि कॉरिडोर का निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से, तय समय-सीमा और उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ तेजी से पूरा किया जा रहा है, जिससे आगामी समय में श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय और आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए भव्य पाथवे, विशाल दर्शक दीर्घा, सार्वजनिक और धार्मिक आयोजनों के लिए सर्वसुविधायुक्त अधोसंरचना, सुनियोजित पार्किंग व्यवस्था तथा जनसुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। निर्माण कार्य पूर्ण होते ही यह धार्मिक परिसर राजधानी भोपाल में आस्था और भव्यता का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।