मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के नारायणगढ़ कस्बे में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शमशेर रंगरेज के रूप में हुई है, जो स्थानीय वॉशिंग सेंटर पर काम करता था। शुक्रवार को जब वह एक कार की धुलाई कर रहा था, तभी अचानक वॉशर मशीन या बिजली के तारों में फैले करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने पहुंचे एक अन्य साथी को भी बिजली का तेज झटका लगा। आनन-फानन में बिजली सप्लाई बंद कर गंभीर हालत में शमशेर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार को इस रूह कंपा देने वाले हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
मृतक के पिता सलीम मोहम्मद रंगरेज ने बताया कि शमशेर, ओम गुर्जर और लोकेश उर्फ शेरू के वॉशिंग सेंटर में पिछले करीब चार साल से काम कर रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे वह घर पर खाना खाने आया था और परिजनों से बातचीत के बाद वापस सेंटर लौटा था। सेंटर पर जब वह एक सिल्वर रंग की बलेनो कार की धुलाई कर रहा था, उसी दौरान पानी के संपर्क और विद्युत प्रवाह के कारण उसे जोरदार करंट लगा। झटका लगते ही वह तड़पकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना का जो सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, उसमें साफ दिख रहा है कि शमशेर कार धोते हुए अचानक करंट लगते ही जमीन पर गिर जाता है। उसे तड़पते देख पास में मौजूद एक अन्य युवक तुरंत उसे बचाने दौड़ा, लेकिन शमशेर को छूते ही उसे भी बिजली का तेज झटका लगा। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य बिजली का स्विच बंद किया। मौके पर मौजूद लोग बिना वक्त गंवाए शमशेर को बाइक पर बैठाकर तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिवार में पसरा मातम
32 वर्षीय शमशेर अपने पीछे दो छोटे बच्चों और परिवार को रोता-बिलखता छोड़ गया है। शुक्रवार रात शव को नारायणगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में रखवाया गया था। शनिवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा बनाकर डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया और अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया। घर के कमाऊ सदस्य की असमय मौत से पूरे परिवार और मोहल्ले में गहरा शोक व्याप्त है।
थाना प्रभारी राजेंद्र पंवार बोले- सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों की हो रही जांच
हादसे के संबंध में नारायणगढ़ थाना प्रभारी राजेंद्र पंवार ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि कार धोने के दौरान करंट लगने से ही कर्मचारी की मौत हुई है। पुलिस अब वॉशिंग सेंटर पर सुरक्षा मानकों, अर्थिंग और बिजली के उपकरणों के रखरखाव की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि यह तय किया जा सके कि हादसे में संस्थान प्रबंधन की कोई लापरवाही थी या नहीं।














