छतरपुर, संजय अवस्थी। मध्य प्रदेश शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के तत्वावधान में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत छतरपुर जिले के 113 वरिष्ठ तीर्थयात्री कर्नाटक स्थित प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल श्रवणबेलगोला की यात्रा के लिए रवाना हुए। यात्रा 24 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित की गई है। श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए दल के साथ दो अनुरक्षक भी भेजे गए हैं।

तीर्थयात्रियों की रवानगी के अवसर पर रेलवे स्टेशन पर छतरपुर विधायक ललिता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री और नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया ने संयुक्त रूप से सभी श्रद्धालुओं का फूलमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया तथा उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। इस तीर्थ यात्रा के लिए विशेष रूप से भारत गौरव स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है, जिसमें तीर्थयात्रियों के भोजन, आवास और दर्शन की सुव्यवस्थित व्यवस्था शासन स्तर पर की गई है। जनप्रतिनिधियों द्वारा हरी झंडी दिखाने के बाद ट्रेन तीर्थयात्रियों को लेकर गंतव्य के लिए रवाना हुई।