छतरपुर/बक्सवाहा, राजू दुबे। जनपद पंचायत बक्सवाहा की ग्राम पंचायत किशनपुरा में राशन पर्ची को लेकर चल रहा विवाद अब मारपीट तक पहुंच गया है। ग्राम किशनपुरा निवासी भालू कुशवाहा ने रोजगार सहायक/सचिव दिनेश दुबे पर बस स्टैंड पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पर बक्सवाहा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार भालू कुशवाहा पिछले तीन महीने से अपनी राशन पर्ची नहीं बनने की शिकायत कर रहे थे। उनका आरोप है कि इसी मुद्दे को लेकर ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक/सचिव दिनेश दुबे से उनका विवाद चल रहा था। पीड़ित का कहना है कि वह दिल्ली जाने के लिए बक्सवाहा बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहे थे, तभी दिनेश दुबे वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की।


घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


इधर, ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा तीन महीने से लंबित राशन पर्ची का जल्द निराकरण कर पात्र हितग्राही को सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं बस स्टैंड पर हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।