भोपाल। मध्य प्रदेश के घरेलू रसोई गैस (LPG) उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। गैस वितरण कंपनियों ने आधार आधारित बायोमेट्रिक e-KYC को लेकर विशेष अभियान तेज कर दिया है। कंपनियों द्वारा उपभोक्ताओं को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस (SMS) भेजकर 16 अगस्त से पहले बायोमेट्रिक सत्यापन कराने की अपील की जा रही है।
तय समय सीमा के भीतर e-KYC प्रक्रिया पूरी न करने वाले उपभोक्ताओं के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने या बंद होने की संभावना है।
39 लाख से अधिक उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी भी पेंडिंग
आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में लगभग 1.37 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं।
इनमें से 39.48 लाख उपभोक्ताओं (लगभग 22.21%) का आधार बायोमेट्रिक सत्यापन होना अभी बाकी है।
भोपाल स्थिति: राजधानी भोपाल में कुल 7.55 लाख घरेलू उपभोक्ताओं में से लगभग 1.94 लाख उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी तक पेंडिंग है।
गैस कंपनियों का उद्देश्य फर्जी कनेक्शनों और बिचौलियों पर लगाम लगाना, वास्तविक लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित करना तथा सरकारी सब्सिडी का लाभ सही और पात्र पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है।
कैसे कराएं e-KYC?
उपभोक्ताओं के पास e-KYC कराने के दो प्रमुख माध्यम उपलब्ध हैं:
गैस एजेंसी जाकर (ऑफ़लाइन):
- अपने नजदीकी गैस एजेंसी कार्यालय (Indane, HP, या Bharat Gas) जाएं।
- साथ में अपना मूल आधार कार्ड, एलपीजी कंज्यूमर नंबर/गैस डायरी और पंजीकृत मोबाइल ले जाएं।
- फिंगरप्रिंट या आइरिस (आंखों की पुतली) स्कैन के जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा कराएं।
ऑनलाइन या मोबाइल ऐप से:
- उपभोक्ता अपने-अपने गैस प्रदाता की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप (जैसे- IndianOil One, HP Pay, या Hello BPCL) पर लॉगिन करके भी आधार सत्यापन प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।
- ऑनलाइन सेवाओं के लिए आधिकारिक पोर्टलMy LPG Portalपर जाकर अपनी संबंधित कंपनी चुनकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
गैस कंपनियों ने ग्राहकों से अपील की है कि वे अंतिम दिनों में होने वाली भीड़ और असुविधा से बचने के लिए समय रहते ही अपना बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा करवा लें।




