इंदौर। इंदौर की चंदननगर थाना पुलिस ने शासकीय जमीनों पर अवैध कॉलोनियां काटकर नोटरी के जरिए प्लॉट बेचने वाले कुख्यात भूमाफिया जफर खान को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों और अवैध कब्जों के जरिए करोड़ों रुपये का साम्राज्य खड़ा कर रखा था।
उसकी गिरफ्तारी के लिए जोन-4 के डीसीपी सुनील मेहता के निर्देशन में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर बेंगलुरु में दबिश देकर यह सफलता हासिल की।
जीजा-साले के नेटवर्क का खुलासा, ऐसे पकड़ाया मास्टरमाइंड
पूरे मामले का खुलासा तीन दिन पहले मल्हारगंज तहसीलदार की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के बाद हुआ:
साले की गिरफ्तारी: चंदननगर पुलिस ने सबसे पहले अज्जू उर्फ अजय पुत्र भूरू खान (निवासी सम्राट नगर) को धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया था।
मास्टरमाइंड की पहचान: कड़ाई से पूछताछ में अज्जू ने बताया कि वह केवल कागजों पर नाम मात्र का व्यक्ति था, जबकि पूरे जमीन घोटाले का असली मास्टरमाइंड उसका जीजा जफर खान है।
फरारी और गिरफ्तारी: साले के पकड़े जाने की भनक मिलते ही जफर अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। एडीसीपी विशेष अग्रवाल और टीआई तिलक करोले की टीम ने रिश्तेदारों के फोन नंबरों की ट्रैकिंग के जरिए बेंगलुरु से उसे धर दबोचा।
नल फिटिंग से भूमाफिया बनने का सफर: एयरपोर्ट विस्तार की जमीन भी बेची
पुलिस जांच में आरोपी के आपराधिक इतिहास और तौर-तरीकों को लेकर कई बड़े खुलासे हुए हैं:
नल फिटिंग से शुरुआत: जफर खान शुरुआती दिनों में प्लंबर (नल फिटिंग) का काम करता था। सिरपुर इलाके में उसने सरकारी जमीनों की हेराफेरी सीखी और बिना कॉलोनाइजर लाइसेंस के अवैध कॉलोनियां (जैसे गीता नगर, लक्ष्मी नगर एनएक्स, केशव नगर और न्यू लक्ष्मी नगर) विकसित कर दीं।
एयरपोर्ट की आरक्षित जमीन पर कब्जा: जांच में सामने आया कि जफर ने इंदौर एयरपोर्ट विस्तार के लिए आरक्षित शासकीय भूमि पर भी अवैध प्लॉट काटकर लोगों को नोटरी के जरिए बेच दिए।
पुराना रिकॉर्ड: आरोपी ने वर्ष 2012 में करीब 150 और 2019 में 'न्यू लक्ष्मी नगर' नाम से बसाई गई कॉलोनी में 90 प्लॉट बेचे थे।
इससे पहले भी तत्कालीन डीआईजी हरिनारायणचारी मिश्र के कार्यकाल में जफर को गुजरात से गिरफ्तार किया जा चुका था। जेल से छूटने के बाद उसने दोबारा अवैध प्लॉटिंग का धंधा शुरू कर दिया था। पुलिस अब उसकी बेनामी संपत्तियों और अन्य सहयोगियों की विस्तृत जांच कर रही है।




