भोपाल, सुबोध त्रिपाठी। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ और चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से प्रदेश भर में बड़े पैमाने पर रक्षित निरीक्षकों (Reserve Inspectors - RI) के स्थानांतरण किए हैं। पुलिस स्थापना बोर्ड से औपचारिक अनुमोदन प्राप्त होने के बाद पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाणा द्वारा शुक्रवार देर शाम इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया। जारी आदेश (क्रमांक-पुमु/3/कार्मिक/1/1110/2026) के तहत कुल 140 रक्षित निरीक्षकों को उनके वर्तमान स्थानों से स्थानांतरित कर नवीन इकाइयों, जिलों, यातायात शाखाओं और पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों (PTS/PTC) में अस्थाई रूप से पदस्थ किया गया है।


नगरीय एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान

स्थानांतरण आदेश के विश्लेषण से स्पष्ट होता है कि पुलिस मुख्यालय ने इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर जैसे महानगरों में यातायात (Traffic) और रक्षित केंद्र प्रबंधन को मजबूती देने पर विशेष ध्यान दिया है। कई जिलों व पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों से निरीक्षकों को स्थानांतरित कर इंदौर नगरीय और भोपाल नगरीय में यातायात व रक्षित निरीक्षक के रूप में तैनाती दी गई है। इसके साथ ही मऊगंज, मैहर और पांढुर्णा जैसे नए जिलों में भी रक्षित निरीक्षकों एवं यातायात प्रभारियों की पदस्थापना की गई है।


नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश

पुलिस उप महानिरीक्षक (कार्मिक) रियाज इकबाल द्वारा जारी निर्देशानुसार, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी स्थानांतरण नीति 2026 (बिंदु क्रमांक 43) के तहत सभी अधिकारियों को समयावधि में कार्यमुक्त करने को कहा गया है। यदि कोई अधिकारी वर्तमान में निलंबित है, तो उसे कार्यमुक्त न करते हुए तत्काल पुलिस मुख्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।


दे​खिए पूरी सूची

Order Copy 1
Order Copy 2
Order Copy 3
Order Copy 4
Order Copy 5
Order Copy 6