मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के नारायणगढ़ नगर में बारिश के बीच एक विशाल मगरमच्छ के घर में घुसने से हड़कंप मच गया। नारायणगढ़ निवासी शैलेन्द्र पाटीदार के घर में सुबह उनकी पत्नी चाय बनाने के लिए किचन की ओर जा रही थीं, तभी सीढ़ियों पर उनकी नजर एक बड़े जानवर पर पड़ी। नजदीक जाकर देखने पर वह विशाल मगरमच्छ निकला। मगरमच्छ को देखते ही महिला घबराकर बाहर भागी और परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी।


घर में मगरमच्छ होने की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिवार के सदस्य डर के कारण घर का दरवाजा बंद कर बाहर खड़े रहे। सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।


वन विभाग की टीम ने रस्सियों की मदद से काफी सावधानी के साथ मगरमच्छ को काबू करने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ बढ़ने के कारण नारायणगढ़ थाना पुलिस बल को भी तैनात करना पड़ा। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया और अपने साथ ले गई। मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा।


मगरमच्छ के रेस्क्यू के बाद परिवार के सदस्यों ने राहत की सांस ली। वन विभाग के अनुसार बारिश के कारण आसपास के नालों और जलस्रोतों में पानी बढ़ने से मगरमच्छ रिहायशी इलाकों की ओर पहुंच रहे हैं। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मगरमच्छ या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर उसके नजदीक न जाने तथा तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।