पन्ना। अमानगंज थाना पुलिस ने शादी कराने के नाम पर युवक से एक लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कथित लुटेरी दुल्हन समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पुरानी कार, तीन मोबाइल और नकदी सहित करीब 5 लाख 25 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।


पुलिस के मुताबिक महेबा निवासी 32 वर्षीय सुरेन्द्र सिंह राजपूत ने 31 जुलाई 2026 को अमानगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि आरोपियों ने उसकी शादी कराने के एवज में एक लाख रुपये नकद लिए थे। शादी के कुछ दिन बाद ही दुल्हन रात के समय फरार हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 474/2026 में बीएनएस की धारा 318(4), 83 और 84 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान और एसडीओपी गुनौर राजीव सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमानगंज निरीक्षक हेमन्त कुमार नायक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कथित दुल्हन और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।


गिरफ्तार आरोपियों में नागपुर निवासी 35 वर्षीय माधुरी थोबानी, दमोह जिले के पटेरा थाना क्षेत्र निवासी 72 वर्षीय हक्के यादव, कुम्हारी थाना क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय अनिल यादव और पन्ना जिले के गुनौर थाना क्षेत्र निवासी 50 वर्षीय करण सिंह राजपूत शामिल हैं। एक अन्य आरोपी अभी फरार है।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमत की पुरानी कार, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 5 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हेमन्त कुमार नायक, चौकी प्रभारी महेबा उप निरीक्षक रजनी समाधिया, प्रधान आरक्षक रावेन्द्र पाण्डेय, शिवम शर्मा, आरक्षक सत्यनारायण अग्निहोत्री, अखिल पाल, गोलू वास्केल, प्यारेलाल रैकवार और साइबर सेल पन्ना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना की।