छतरपुर, शिवम सोनी। जिले के महाराजपुर थाने से एक बेहद सनसनीखेज और गंभीर मामला सामने आया है, जहां पुलिस की कथित लापरवाही से आहत होकर एक युवती ने थाना परिसर के अंदर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। युवती द्वारा थाना परिसर में जहर खाते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में युवती को अचेत अवस्था में इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बीते दिन कुछ दबंग युवक अवैध बंदूकें लेकर उनके घर में घुसे थे और जान से मारने की धमकी दी थी। शिकायत लेकर थाना पहुंचे पीड़ितों की बात सुनने के बजाय महाराजपुर थाना प्रभारी (TI) डी.के. सिंह द्वारा मामले को टालमटोल किया गया और आरोपियों पर कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसी प्रशासनिक उपेक्षा से क्षुब्ध होकर युवती ने थाने में यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही खजुराहो एसडीओपी (SDOP) मनमोहन सिंह बघेल तुरंत महाराजपुर थाने पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।




