सागर/देवरी, त्रिवेन्द्र जाट। सागर जिले के देवरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंगपुर का घना जंगल इन दिनों कथित खजाने की चर्चाओं को लेकर सुर्खियों में है। जंगल के बीच स्थित राजा बाबा दरबार के आसपास जमीन के नीचे सोना, पुराने आभूषण और प्राचीन मूर्तियां दबे होने की बातें फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण गैंती-फावड़े लेकर जंगल पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि कथित खजाने की तलाश में लोगों ने जंगल में कई स्थानों पर खुदाई कर दी, जिससे जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि खुदाई के दौरान कुछ धातु के टुकड़े, गुरिया नुमा पुराने आभूषण और प्राचीन बस्ती से जुड़े संकेत मिले हैं। हालांकि इन दावों की अभी तक किसी विभाग ने आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की है।
जंगल में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने और खुदाई किए जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और वन अमले को देखकर खुदाई कर रहे ग्रामीण मौके से चले गए। एसडीएम मुनव्वर खान और थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
एसडीएम मुनव्वर खान के मुताबिक राजा बाबा चबूतरे के आसपास कुछ गुरिया नुमा आभूषण मिलने की जानकारी सामने आई है। जंगल में लगातार बढ़ रही लोगों की आवाजाही और अवैध खुदाई को रोकने के लिए अतिरिक्त वन चौकी बनाई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस भी क्षेत्र में निगरानी रखेगी।
फिलहाल कथित खजाने को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब प्रशासनिक जांच और संबंधित विशेषज्ञों की पड़ताल के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सिंगपुर के जंगल में वास्तव में कोई ऐतिहासिक या पुरातात्विक धरोहर मौजूद है या फिर खजाने की पूरी कहानी महज अफवाह और चर्चाओं का नतीजा है।




