भोपाल, सुबोध त्रिपाठी। मध्यप्रदेश शासन के 'संचालनालय पेंशन, भविष्य निधि एवं बीमा' ने प्रदेश भर के संभागीय व जिला पेंशन कार्यालयों में कार्यरत 24 आउटसोर्स डाटा एंट्री ऑपरेटरों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से वापस (समाप्त) कर दी हैं। संचालनालय द्वारा 30 जुलाई 2026 को जारी आदेश के तहत 31 जुलाई 2026 से इन ऑपरेटरों की सेवाएं समाप्त मानी गई हैं।
संविदा भर्ती व युक्तियुक्तकरण के कारण लिया गया फैसला
संचालनालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वित्त विभाग के निर्देशानुसार संभागीय एवं जिला पेंशन कार्यालयों में नियमित एवं संविदा सहायक ग्रेड-3 (डाटा एंट्री ऑपरेटरों) का युक्तियुक्तकरण (Rationalization) किया गया है। नए संविदा कर्मचारियों की नियुक्ति और स्वीकृत पदों के समायोजन के बाद आउटसोर्स के माध्यम से कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटरों की आवश्यकता समाप्त हो गई है।
24 हटाए गए, 22 ऑपरेटरों की सेवाएं रहेंगी जारी
सैंडमैप (CEDMAP) भोपाल के माध्यम से एम्पैनल्ड एजेंसियों (आर.बी. एसोसिएट्स एवं सुरभि सिक्योरिटी सर्विसेज) द्वारा उपलब्ध कराए गए कुल आउटसोर्स ऑपरेटरों में से 24 कर्मचारियों को वापस किया गया है। वहीं, विभाग ने स्पष्ट किया है कि शेष 22 आउटसोर्स डाटा एंट्री ऑपरेटरों की सेवाएं फिलहाल यथावत जारी रहेंगी। विभाग ने संबंधित सभी जिला एवं संभागीय पेंशन कार्यालयों को निर्देश दिए हैं कि 31 जुलाई 2026 तक के देयकों (वेतन/बिल) को संचालनालय पेंशन को भेजना सुनिश्चित किया जावे।






