भिंड, अक्षय जोशी। जिले के गोहद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खितौली में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत जोतने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान गोली चलने से गांव के पूर्व सरपंच सब्बीर की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व सरपंच सब्बीर ट्रैक्टर से खेत जोत रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें खेत में घेर लिया और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने फायरिंग कर दी और पूर्व सरपंच को दो गोलियां लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गोहद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पूर्व सरपंच को उपचार के लिए गोहद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पूर्व सरपंच की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश और शोक फैल गया। अस्पताल के बाहर गांव खितौली सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। गोहद थाना पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।




