कटनी, सुमित पाण्डेय। जिले की झिंझरी चौकी पुलिस पर एक गरीब परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़ित आशीष रजक का आरोप है कि ऑनलाइन सब्जी काटने का चाकू खरीदने की जानकारी के आधार पर झिंझरी चौकी प्रभारी अपने स्टाफ के साथ उसके घर पहुंचे और दबाव बनाकर घर की तलाशी ली। पीड़ित का दावा है कि तलाशी के दौरान घर में रखे 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर पुलिसकर्मी अपने साथ ले गए।
आशीष रजक ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सब्जी काटने वाले चाकू को उसकी कमर में रखकर वीडियो भी बनाया। इतना ही नहीं, पीड़ित का दावा है कि चौकी प्रभारी ने अपनी निजी कार की मरम्मत मारुति सर्विस सेंटर में कराई और उसका करीब 8,200 रुपये का बिल उससे भरवाया गया। पीड़ित के मुताबिक यह राशि उसकी तनख्वाह से कटवाई गई। परिवार ने एक एएसआई पर भी 15 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया है।
इन आरोपों को लेकर आशीष रजक और मनोज रजक सहित परिवार के सदस्य एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। पीड़ित परिवार के अनुसार शिकायत सुनने के बाद एसपी ने संबंधित चौकी प्रभारी को तत्काल फोन कर कार्यालय बुलाया, लेकिन वह एसपी कार्यालय नहीं पहुंचे।
पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और कथित रूप से ली गई नकदी व जेवर वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पुलिस अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




