भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक रामेश्वर शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। अपने बयान में रामेश्वर शर्मा ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने जनभावनाओं और जनता से किए गए वादों के सम्मान में कमलनाथ सरकार को सत्ता से बाहर करने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके साथ ही भाजपा विधायक ने संविधान संशोधन और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा और दावा किया कि आगामी दशकों तक देश व प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता में वापसी संभव नहीं है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया का किया बचाव, दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कमलनाथ सरकार के कार्यकाल के दौरान भी दिग्विजय सिंह इसी प्रकार की टिप्पणियां किया करते थे। उन्होंने कहा कि जब लोकतंत्र व जनमत की अनदेखी होती है और वादे पूरे नहीं किए जाते, तो जनसेवक का दायित्व होता है कि वह जनभावनाओं के विपरीत चलने वाली सरकार के खिलाफ खड़ा हो। शर्मा के अनुसार, इसी जनभावना का सम्मान करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी के आरोपों से घिरी कमलनाथ सरकार को सत्ता से बाहर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सिंधिया को एक सीधा-सादा, सरल और भला व्यक्ति बताते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के मुद्दों को लेकर आगे बढ़ रहे हैं और किसी की टिप्पणी से उनके सार्वजनिक कार्यों का आकलन नहीं किया जाना चाहिए।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए रामेश्वर शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने उन्हें ऐसी राजनीतिक हवा भर दी है, जिसका असर 2028-29 तक दिखाई देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह अपनी राजनीतिक रणनीति के जरिए अपने हिसाब से टिकटों का बंटवारा करवाएंगे और अंततः जीतू पटवारी को ऐसा झटका लगेगा कि वे विधायक बनने का सपना भी नहीं देख पाएंगे। शर्मा ने यह भी कहा कि कांग्रेस में हर प्रदर्शन के बाद नेताओं को नोटिस थमाकर बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है और आने वाले 25-30 वर्षों तक मध्य प्रदेश व देश में कांग्रेस की सत्ता में वापसी मुश्किल है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा जनसेवा और लोककल्याणकारी नीतियों के आधार पर पुनः सरकार बनाएगी।
ये भी पढ़ें




संविधान संशोधन और डॉ. अंबेडकर के सम्मान को लेकर कांग्रेस पर हमला
रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि आजादी के बाद से सबसे अधिक बार संविधान में संशोधन करने का काम कांग्रेस ने ही किया है। उन्होंने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि कांग्रेस ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को दो-दो बार लोकसभा चुनाव में हराया और पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर अनेक कांग्रेस नेताओं ने उनका विरोध व अपमान किया। शर्मा के मुताबिक, आज वही कांग्रेस बाबा साहेब के नाम पर वोट हासिल करने के लिए संविधान रक्षा के नाम पर घड़ियाली आंसू बहा रही है।
विधायक शर्मा ने कहा कि देश में संविधान की रक्षा करने और डॉ. अंबेडकर के सपनों को धरातल पर उतारने का काम भाजपा सरकार ने किया है, जिसमें बाबा साहेब की स्मृति में पंचतीर्थों का विकास भी शामिल है। उन्होंने कहा कि भाजपा आंसुओं से नहीं बल्कि अपने कामों से जवाब देती है और 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' के मूलमंत्र के साथ हर गरीब परिवार को पक्की छत व अपना आशियाना दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।









