भोपाल, जीतेंद्र यादव। मध्य प्रदेश में सहकारिता चुनावों को लगातार टाले जाने को लेकर सियासत गरमा गई है। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि सरकार हार के डर से सहकारिता चुनाव नहीं करा रही है। उमंग सिंघार ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि राजस्थान के पंचायत और जिला परिषद चुनाव के नतीजों से भाजपा डरी हुई है और इसी वजह से मध्य प्रदेश में सहकारिता चुनावों को टाला जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा प्रहार बताया।
कई सालों से चुनाव टाल रही प्रदेश सरकार; राजस्थान के चुनावी नतीजों का हवाला देकर साधा निशाना
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पिछले कई वर्षों से सहकारिता चुनावों को टालती आ रही है। उन्होंने राजस्थान के पंचायत और जिला परिषद चुनाव परिणामों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उन नतीजों से भाजपा घबराई हुई है, इसलिए प्रदेश में सहकारिता चुनाव टालने का रास्ता अपनाया जा रहा है। सिंघार ने राज्य सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि समय पर चुनाव न कराकर भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है और जमीनी स्तर की संस्थाओं को लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व से वंचित रख रही है।
ये भी पढ़ें




किसानों की जरूरतों और नए राजनीतिक नेतृत्व की नर्सरी है सहकारिता क्षेत्र
उमंग सिंघार ने सहकारिता क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह क्षेत्र प्रदेश के अन्नदाता किसानों को समय पर बीज, खाद और सिंचाई के लिए ऋण (लोन) जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा कि सहकारिता संस्थाएं ग्रामीण और जमीनी स्तर पर नए राजनीतिक नेतृत्व की शुरुआत का सशक्त माध्यम भी बनती हैं, लेकिन सरकार द्वारा चुनाव टाले जाने से यह पूरी प्रक्रिया बाधित हो रही है।











