रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के हॉस्टल में मंगलवार सुबह 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र रात में अपने रूम पार्टनर के साथ कमरे में सोया था, लेकिन सुबह काफी देर तक नींद से नहीं उठा। शरीर में कोई हलचल न होने पर हॉस्टल प्रबंधन को सूचना दी गई और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्र की पहचान जवा क्षेत्र निवासी सूर्यांश गुप्ता (13) के रूप में हुई है, जो चोरहटा क्षेत्र के गुरुकुल निजी विद्यालय में कक्षा छठी का छात्र था और स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। मासूम बेटे की अचानक मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
शरीर पर चोट के निशान नहीं, प्राथमिक जांच में कार्डियक अरेस्ट की आशंका
संजय गांधी अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मृतक छात्र के शरीर पर किसी भी तरह की चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि छात्र को पहले से कोई गंभीर बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या नहीं थी। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच में कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
हॉस्टल के केयरटेकर रावेंद्र सिंह ने बताया कि सूर्यांश सोमवार शाम 6:00 से रात 8:30 बजे तक क्लास में गया था। वहां से लौटने के बाद उसने सभी बच्चों के साथ बैठकर डिनर किया। रात करीब 9:30 बजे दैनिक रुटीन के तहत सभी बच्चों की फोटो ली गई थी, जिसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। मंगलवार सुबह 7:00 बजे जब अन्य बच्चे उठ गए और सूर्यांश नहीं उठा, तो उसे देखा गया। शरीर में कोई हलचल न मिलने पर उसे संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें




पिता विनोद गुप्ता ने स्कूल प्रबंधन पर उठाए सवाल
मृतक छात्र के पिता विनोद गुप्ता ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे उनके पास फोन आया कि बच्चे की तबीयत खराब है और उसे संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इसलिए वे जल्दी पहुंच जाएं। पिता का आरोप है कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन से बच्चे को किसी अच्छे निजी अस्पताल में ले जाने और स्वयं के जल्द पहुंचने की बात कही थी, लेकिन प्रबंधन ने कोई कदम नहीं उठाया। जब वे संजय गांधी अस्पताल पहुंचे, तब तक बच्चा मृत मिल चुका था। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला के अनुसार, सुबह स्पोर्ट्स टीचर बच्चों को जगाने पहुंचे थे और इसी दौरान छात्र के न उठने की जानकारी सामने आई। पुलिस अस्पताल प्रबंधन, परिजनों और स्कूल प्रबंधन सभी के बयान दर्ज कर रही है तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











